
पारदर्शी विकास ब्यूरो, कुशीनगर। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय में अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा की अध्यक्षता में सैनिक बंधु की बैठक आयोजित हुई। बैठक के प्रारंभ में अपर जिलाधिकारी ने उपस्थित पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों का अभिनंदन किया तथा पिछली बैठकों में प्राप्त प्रकरणों के निस्तारण की प्रगति की समीक्षा की।बैठक में कुल 25 पूर्व सैनिक एवं विधवाएं उपस्थित रहीं। इस दौरान पूर्व सैनिकों की ओर से सात तथा सेवारत सैनिक की ओर से दो प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए। इनमें न्यायालय में लंबित विवाद, भूमि की पैमाइश, चकरोड निर्माण, शस्त्र लाइसेंस तथा सैनिक परिवार की सुरक्षा से संबंधित समस्याएं शामिल थीं।अपर जिलाधिकारी ने सभी प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई कर मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों से जुड़े मामलों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।बैठक में अहिरौली बाजार के एसएचओ जितेन्द्र टण्डन, एनसीसी बटालियन पडरौना के सूबेदार संतोष पोद्दार सहित पूर्व सैनिक कैप्टन लाल बहादुर त्रिपाठी, कैप्टन शमसुद्दीन अंसारी, कैप्टन दयाशंकर पाण्डेय, हवलदार शारदा प्रसाद तथा अन्य पूर्व सैनिक एवं विधवाएं मौजूद रहीं।बैठक का संचालन जिला सैनिक कल्याण कार्यालय के कनिष्ठ सहायक प्रभाकर नाथ तिवारी ने किया। आयोजन में राजेश कुमार गुप्त, धर्मशीला, जालंधर प्रसाद एवं कार्यालय के समस्त कर्मचारियों का सहयोग रहा।