
पारदर्शी विकास ब्यूरो तमकुहीराज (कुशीनगर)। अपनी जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। शनिवार को पार्टी के जिला अध्यक्ष, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता तमकुहीराज थाने पहुंचे तथा नगर पंचायत अध्यक्ष जे.पी. गुप्ता के विरुद्ध तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि 25 जून 2026 को जे.पी. गुप्ता ने अपने फेसबुक अकाउंट पर स्वामी प्रसाद मौर्य के विरुद्ध कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणी करते हुए जूते से मारने और जान से मारने जैसी धमकी दी। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं और लाखों समर्थकों की भावनाएं आहत हुई हैं। उनका यह भी आरोप है कि स्वामी प्रसाद मौर्य के कुशीनगर आगमन पर उन्हें नुकसान पहुंचाने जैसी बातें भी कही गईं, जिससे उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।तहरीर में उल्लेख किया गया है कि स्वामी प्रसाद मौर्य उत्तर प्रदेश की राजनीति के वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं। वह कई बार प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री, नेता प्रतिपक्ष तथा पड़रौना विधानसभा से विधायक रह चुके हैं। वर्तमान में वह अपनी जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और पार्टी का संगठन उत्तर प्रदेश सहित देश के कई राज्यों में सक्रिय है। ऐसे में उनके विरुद्ध कथित रूप से की गई टिप्पणी और धमकी को समर्थकों ने लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विरुद्ध बताते हुए कड़ी आपत्ति जताई है।समर्थकों ने पुलिस से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाए तथा दोषी पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। उनका कहना था कि किसी भी राजनीतिक मतभेद को व्यक्तिगत धमकी या अभद्र भाषा का रूप देना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है।तहरीर देने वालों में अपनी जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष रामेश्वर प्रसाद कुशवाहा, दिनेश चौधरी, सज्जन गुप्ता, कन्हैया लाल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में आरोपित के विरुद्ध त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि समय रहते उचित कानूनी कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।फिलहाल पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है और जे.पी. गुप्ता की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।