
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। वार्ड-14 किदवई नगर सब्जी मंडी की भाजपा पार्षद शालू सुनील कनौजिया ने नगर निगम की सफाई व्यवस्था और स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। सात दिन के सफाई संकल्प अभियान के तीसरे दिन शनिवार को पार्षद ने क्षेत्र का निरीक्षण किया। इसके बाद जोन-3 उस्मानपुर स्थित जोनल स्वास्थ्य विभाग के कार्यालय पहुंचकर जमीन पर बैठकर करीब डेढ़ घंटे तक धरना दिया।पार्षद ने आरोप लगाया कि वार्ड में जगह-जगह गंदगी फैली है, नालियां गंदगी से बजबजा रही हैं और कई इलाकों में जलभराव की समस्या बनी हुई है। इससे लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है। उन्होंने कहा कि नगर निगम की लापरवाही के कारण भाजपा की छवि भी प्रभावित हो रही है।शालू कनौजिया ने सैनिटरी इंस्पेक्टर बृजेश पर फोन नहीं उठाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि करीब ढाई घंटे तक लगातार फोन करने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। कार्यालय पहुंचने पर सैनिटरी इंस्पेक्टर की कुर्सी भी खाली मिली।पार्षद ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में तैनात करीब आधे कर्मचारी नियमित रूप से काम पर नहीं आते। उन्होंने कहा कि सात दिन के सफाई संकल्प के तहत वह लगातार वार्ड की गलियों और मोहल्लों का निरीक्षण कर रही हैं। शनिवार को साधना केंद्र के पास जलभराव और गंदगी मिली।उन्होंने नगर निगम अधिकारियों से तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने और लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों व जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।