
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विश्व नाथ पाल ने कहा है कि आरक्षण के मामले में सपा और कांग्रेस केवल नाटक कर रहे हैं। समाजवादी पार्टी ने अपने सांसद से सदन में आरक्षण का बिल फडवाने का काम किया। पदोन्नति और ठेकेदारी में एस सी/एस टी के आरक्षण को खत्म करने का काम किया। बहुजन महापुरुषों के नाम पर बने जिलों को खत्म करने का काम किया। कांग्रेस ने देश में सबसे अधिक समय तक शासन किया किंतु आरक्षण व्यवस्था को ठीक से लागू नहीं किया। उत्तर प्रदेश को छोड़कर देश के अन्य सभी राज्यों में आरक्षण का बैकलॉग अभी तक नहीं भरा गया है।बहन मायावती जी ने अपने मुख्यमंत्रित्व काल में आरक्षण के बैकलॉग को भरने का काम किया था।बलरामपुर में पार्टी की बैठक के पूर्व मीडिया से बातचीत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष विश्व नाथ पाल ने कानून व्यवस्था के नाम पर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार को निशाने पर लिया और कहा कि योगी सरकार में भगवान श्री राम मंदिर में भी चोरी हो गई, सरकार अब तक चोरी में शामिल लोगों पर कार्रवाई नहीं कर पाई हैमहाराष्ट्र में उत्तर प्रदेश के युवाओं के साथ भेदभाव और उत्पीड़न के मामले में पत्रकारों के सवालों का जबाब देते हुए विश्व नाथ पाल ने सरकार संरक्षित भेदभाव की निंदा की और कहा कि महाराष्ट्र भी भारत का एक राज्य है। उत्तर प्रदेश या अन्य किसी प्रदेश के युवा नौकरी और रोजी रोटी के लिए किसी भी राज्य में जा सकते हैं। महाराष्ट्र सरकार को यूपी के युवाओं के साथ अमानवीय व्यवहार को रोकना चाहिए और रोजी रोटी को महाराष्ट्र गये युवाओं को संरक्षण देना चाहिए।इस अवसर पर मुख्य मंडल प्रभारी राजू गौतम भी मौजूद रहे।