
जगनायक प्रधान
पारदर्शी विकास न्यूज लखनऊ प्रदेश महिला प्रमुख मीनाक्षी राय जी के नेतृत्व में महिला सम्मेलन का आयोजन हुआ
सहकार भारती द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश महिला सम्मेलन 2026 शनिवार को चौधरी चरण सिंह सहकारिता भवन, विधानसभा, लखनऊ में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यमंत्री बाल विकास एवं पुष्टाहार प्रतिभा शुक्ला ने दीप प्रज्वलित कर किया।

सम्मेलन में परिवार, संगठन, पंच परिवर्तन और सहकारिता के माध्यम से आत्मनिर्भर नारी से आत्मनिर्भर भारत बनाने पर जोर दिया गया।

नारी-पुरुष गाड़ी के दो पहिये हैं - राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला*
मुख्य अतिथि राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि नारी और पुरुष गाड़ी के दो पहिये हैं। उन्होंने मिशन शक्ति पर जोर दिया और कहा कि सरकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर लाने में सहकार भारती की मुख्य भूमिका है। उन्होंने संस्कारों की ओर लौटने पर जोर दिया और कहा कि मातृ वंदन, आयुष्मान, बाल सेवा, सुमंगला, नारी वंदन, कौशल विकास जैसी योजनाओं को सहकार भारती धरातल पर लाने में सहयोग करे। कुपोषण पर उन्होंने ताजा और घर के बने भोजन पर जोर दिया। कहा कि संस्कारशाला घर से शुरू होती है, हमें प्रतिदिन एक अच्छा कार्य करना चाहिए। प्रेरणा और परोपकार से ही समाज निर्माण संभव है।

*यशोधरा जी ने कहा - विचारशील स्त्री बड़े कार्य कर सकती है*
सम्मेलन को संबोधित करते हुए यशोधरा जी ने कहा कि परिवार संगठन, पंच परिवर्तन और भाव के अर्थ को समझना जरूरी है। सहकारिता का उद्देश्य आत्मनिर्भर नारी बनाकर आत्मनिर्भर भारत बनाना है। स्त्री राष्ट्र निर्माण में मुख्य भूमिका निभाती है। पाश्चात्य संस्कृति अपनाने के कारण हम पतन की ओर गए। उन्होंने संतान उत्पत्ति पर संतुलित धारणा को चिंता का विषय बताया और कहा कि विचारशील स्त्री बहुत बड़े कार्य कर सकती है। उन्होंने तुलसीदास, जीजाबाई का उद्धरण दिया और महिला उद्यमिता के लिए लिज्जत पापड़ का उदाहरण दिया।

*महिला अब अबला नहीं - अरविंद दुबे*
प्रदेश महामंत्री अरविंद दुबे ने महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया और आत्मनिर्भर बनने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि महिला अब अबला नहीं है, निर्मला सीतारमण इसका उदाहरण हैं। महिला शक्ति है। स्वदेशी अपनाने के लिए सहकारिता और स्वावलंबन को अपनाना होगा। उन्होंने भ्रष्टाचार को ब्लड कैंसर की संज्ञा देते हुए समिति बनाने पर जोर दिया।

*नारी आज फाइटर प्लेन उड़ा रही है - प्रदेश अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह*
प्रदेश अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह ने विपक्ष द्वारा नारी को दीन-हीन बताने पर कटाक्ष करते हुए कहा कि नारी आज फाइटर प्लेन उड़ा रही है। नारी और पुरुष दोनों बराबर हैं। सनातन में नारी को पुरुषों से ऊपर बताया गया है। उन्होंने गार्गी, मैत्रेयी और अकबर काल में महारानी दुर्गावती का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि मुगल काल में महिला सम्मान में कमी आई, तभी कवियों ने लिखा था - "अबला जीवन हाय तुम्हारी यही कहानी, आंचल में है दूध और आंखों में पानी।" वर्तमान में महिलाओं की स्थिति में सुधार आया है, लेकिन अभी भी 50 प्रतिशत से अधिक कुपोषण का शिकार हैं। सहकार भारती इसी क्षेत्र में कार्य कर रही है।
कार्यक्रम का सफल संचालन ज्योति चतुर्वेदी ने किया और समापन पर तृप्ति अग्निहोत्री ने सभी का आभार व्यक्त किया।
समापन पर सहकारिता के माध्यम से उत्कृष्ट कार्य करने वालों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया इस दौरान सहकार भारती के प्रमुख पदाधिकारी कैलाश निषाद, डीपी पाठक, संतोष पाठक, हरबंस सिंह, संतोष पाल, संजय, शिवेंद्र सिंह, शरद अग्निहोत्री, सत्येंद्र त्रिपाठी, सुशील कुमार, मुकेश चौधरी, गीता त्रिपाठी, अजय तोमर, धर्मेंद्र द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में महिला पदाधिकारी भी मौजूद रहीं।