
PARDARSHI VIKASH NEWS गोंडा के कोल्हमपुर क्षेत्र में कटराभोगचंद-टिकरी मार्ग से बैजलपुर गांव स्थित विद्यालय तक पीडब्ल्यूडी द्वारा कराए जा रहे सड़क नवीनीकरण कार्य की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं। करीब दो किलोमीटर लंबी सड़क के रिन्यूअल कार्य में अनियमितता बरतने का आरोप लगाया गया है।ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण में गिट्टी को मानक के अनुसार दबाया नहीं जा रहा है। कई जगह गड्ढों को भी सही तरीके से नहीं भरा गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि तारकोल डालने के बाद भी सड़क पर गिट्टियां दिखाई दे रही हैं, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर संदेह हो रहा है।ग्रामीण राहुल पांडेय, सुनील और सजीवन ने कहा कि यदि इसी तरह काम जारी रहा तो सड़क जल्द खराब हो सकती है। उन्होंने अधिकारियों से सड़क निर्माण की तकनीकी जांच कराने की मांग की है।वहीं ठेकेदार दिवाकर मौर्य ने आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि सड़क का काम तय मानकों के अनुसार कराया जा रहा है और किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती जा रही है।पीडब्ल्यूडी के जूनियर इंजीनियर अमरनाथ यादव ने बताया कि अभी करीब 100 मीटर ही काम हुआ है। यदि कोई कमी सामने आती है तो उसे ठीक कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य की निगरानी की जा रही है।