
देर रात्रि तक सैकड़ों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया महाप्रसाद
बर्रा आठ ए ब्लॉक स्थित बालाजी पार्क में आयोजित श्री बालाजी महोत्सव के अन्तर्गत रविवार को श्री बालाजी की महाआरती, सवामनी हवन, कन्या पूजन के साथ विशाल भण्डारे का आयोजन हुआ जो देर रात्रि तक चलता रहा। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पाण्डाल में बैठकर महाप्रसाद ग्रहण किया श्री बालाजी सेवा समिति (रजि.) द्वारा आयोजित दो दिवसीय श्री बालाजी महोत्सव के तहत रविवार प्रातः सवा नौ बजे बालाजी पार्क में बाबा की आरती के पश्चात सवामनी हवन का आयोजन किया गया। विशाल हवनकुंड में मुख्य यजमान सुशीलचन्द्र श्रीवास्तव व पूनिता श्रीवास्तव के साथ बालाजी के भक्तगणों ने आहुतियां दी। सवामनी हवन सामग्री में समिधा के साथ अनेक जड़ी-बूटियां शामिल थीं जिससे वातावरण शुद्ध हो सके। आचार्यगण अवधेशानन्द, उमाशंकर, नरेन्द्र तिवारी ने श्री बालाजी महाराज के 1008 मंत्रों का उच्चारण किया, उनके स्वाहा के उच्चारण करने के साथ हवनकुंड में सैकड़ों लोगों ने आहुतियां दीं। हवन के पश्चात कन्यापूजन का आयोजन हुआ जिसमें क्षेत्र की लगभग तीन सौ कन्याओं का समिति अध्यक्ष सुशील चंद्र श्रीवास्तव, श्रद्धा होमनाथ श्रीवास्तव, गीता उमाशंकर त्रिपाठी ने पूजन कर दक्षिणा प्रदान की। कन्या भोज पश्चात विशाल भण्डारा प्रारम्भ हुआ जिसमें लगभग दस हजार श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। इस मौके पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक बैरिस्टर जी, सह विभाग कार्यवाह अंकुर दीक्षित, सत्येन्द्र कुमार, योगेन्द्र सचान, आर्यन श्रीवास्तव, सुमित पटेल, संस्कार शुक्ला, अवनीश कुमार, सौरभ वर्मा, पंकज शर्मा, ललित सिंह, गोविंद यादव, नन्द कुमार, कुंदन आदि मौजूद रहे।