
PARDARSHI VIKASH NEWS प्रयागराज में बुधवार को प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (TGT) भर्ती परीक्षा की पहली पाली शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। शहर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही बड़ी संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे। परीक्षा समाप्त होने के बाद बाहर निकले परीक्षार्थियों ने प्रश्नपत्र को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रिया दी। अधिकांश अभ्यर्थियों ने पेपर को मॉडरेट स्तर का बताया, जबकि कुछ ने कहा कि कई प्रश्न घुमावदार होने के कारण उन्हें हल करने में अतिरिक्त समय लगा। सोशल साइंस विषय के अभ्यर्थियों के अनुसार प्रश्न सीधे थे, लेकिन उनकी भाषा और प्रस्तुति ऐसी थी कि उन्हें समझने और उत्तर देने में सावधानी बरतनी पड़ी। अभ्यर्थी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि शुरुआत में कुछ सवाल चुनौतीपूर्ण लगे, लेकिन कुल मिलाकर उनका पेपर अच्छा गया। वहीं, डॉ. सरिता ने बताया कि प्रश्नपत्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाओं से जुड़े तथ्यात्मक प्रश्न भी शामिल थे। कुछ अभ्यर्थियों का कहना था कि भाषा खंड अपेक्षाकृत बड़ा था, हालांकि माइनस मार्किंग नहीं होने के कारण अधिकांश उम्मीदवारों ने पूरा पेपर हल करने का प्रयास किया। अभ्यर्थी सुभाष चंद्र ने परीक्षा केंद्र की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि सुरक्षा और निगरानी के बीच परीक्षा निष्पक्ष तरीके से संपन्न हुई। परीक्षा के बाद अभ्यर्थियों के चेहरों पर संतोष दिखाई दिया और अब सभी को परिणाम का इंतजार है।