
PARDARSHI VIKASH NEWS फर्रुखाबाद के अमृतपुर थाना क्षेत्र के जटपुरा गांव में शुक्रवार को एक युवती की शादी गमगीन माहौल में संपन्न हुई। शादी से ठीक पहले परिवार के एक युवक की मौत हो जाने से घर की खुशियां मातम में बदल गईं। बारात बिना ढोल-बाजे के पहुंची और देर रात तक सभी रस्में पूरी कर दुल्हन की विदाई कर दी गई।जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम शादी का सामान लाते समय एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई थी। हादसे में नौ लोग घायल हुए थे। घायलों में जटपुरा निवासी दिनेश के रिश्तेदार अंकित भी शामिल थे। अंकित को लोहिया अस्पताल से हायर सेंटर रेफर किया गया था, लेकिन परिजन उसे एक निजी नर्सिंग होम ले गए।शुक्रवार को हायर सेंटर ले जाते समय रास्ते में अंकित की मौत हो गई। इसी दिन दिनेश की बेटी रुचि की शादी होनी थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन मौत की खबर मिलते ही खुशी का माहौल शोक में बदल गया।परिजनों ने दूल्हे पक्ष को घटना की जानकारी दी। इसके बाद शुक्रवार शाम दूल्हा करीब 20 लोगों के साथ बिना बैंड-बाजे के बारात लेकर गांव पहुंचा। गमगीन माहौल में शादी की रस्में पूरी की गईं और देर रात युवती को विदा किया गया।शनिवार सुबह मृतक अंकित के शव का अंतिम संस्कार किया गया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।