
PARDARSHI VIKASH NEWS नरेंद्र मोदी ने रविवार को तेलंगाना दौरे के दौरान मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से हल्के-फुल्के अंदाज में NDA के साथ आने को कहा। पीएम हैदराबाद में करीब 9,400 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे।कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने मजाकिया अंदाज में कहा कि केंद्र सरकार ने 10 साल में गुजरात को जो कुछ दिया, वह तेलंगाना को देने के लिए भी तैयार हैं। उन्होंने कहा, “मेरी जानकारी के मुताबिक अगर ऐसा किया गया तो आपको अभी केंद्र से जो मिल रहा है, वह आधा हो जाएगा। इसलिए बेहतर होगा कि आप मेरे साथ आ जाइए।”दरअसल, यह टिप्पणी मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के भाषण के जवाब में आई। रेवंत ने अपने संबोधन में कहा था कि जिस तरह पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के कार्यकाल में गुजरात का विकास हुआ, उसी तरह तेलंगाना के विकास में भी केंद्र सरकार सहयोग करे।रेवंत रेड्डी ने कहा कि जब मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे, तब नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे और उसी दौर में ‘गुजरात मॉडल’ विकसित हुआ। उन्होंने कहा कि अब तेलंगाना के लोग भी उम्मीद कर रहे हैं कि अगले 10 वर्षों में ‘तेलंगाना विकास मॉडल’ तैयार होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री से राज्य के विकास प्रस्तावों पर चर्चा के लिए समय देने का आग्रह भी किया।इसके जवाब में पीएम मोदी ने कहा कि गुजरात को जो सहयोग उस समय मिला था, वैसा सहयोग वे तेलंगाना को देने को तैयार हैं, लेकिन उससे राज्य को मौजूदा लाभ से भी कम फायदा मिलेगा। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि इसलिए बेहतर यही होगा कि रेवंत रेड्डी उनके साथ आ जाएं।राजनीतिक जानकार पीएम मोदी की इस टिप्पणी को आने वाले चुनावों के संदर्भ में भी देख रहे हैं। तेलंगाना में अगला विधानसभा चुनाव 2028 में होना है। 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने बहुमत हासिल कर सरकार बनाई थी, जबकि भाजपा को सीमित सफलता मिली थी। ऐसे में भाजपा अभी से राज्य में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश में जुटी दिखाई दे रही है।तेलंगाना दौरे के दौरान पीएम मोदी ने वारंगल में देश के पहले पूर्ण रूप से कार्यरत PM MITRA पार्क का भी उद्घाटन किया। करीब 1,700 करोड़ रुपए की लागत से विकसित यह टेक्सटाइल पार्क ‘Farm to Fibre to Factory to Fashion to Foreign’ विजन पर आधारित है।