news-details

तीन साल से जलभराव, प्रेमगंज में लोग बेहाल

You can share this post!


पारदर्शी विकास न्यूज़ बांगरमऊ। नगर पालिका परिषद बांगरमऊ के वार्ड नंबर-1 स्थित प्रेमगंज मोहल्ले में जलभराव की समस्या लोगों के लिए लगातार परेशानी बनी हुई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक करीब तीन वर्षों से बारिश के दौरान मोहल्ले की गलियां पानी से भर जाती हैं। कई बार पानी घरों और सरकारी विद्यालय परिसर तक पहुंच जाता है, जिससे लोगों का आवागमन प्रभावित होता है।जलभराव के कारण स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। लोगों का कहना है कि जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से हर बारिश में यही स्थिति दोहराई जाती है। लंबे समय से समस्या बने रहने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं होने पर नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।स्थानीय लोगों की समस्या को लेकर डॉ. बाबा साहब भीमराव अंबेडकर सेवा संस्था ने भी नगर पालिका प्रशासन से स्थायी जलनिकासी व्यवस्था कराने की मांग की है। संस्था ने प्रेमगंज में नाला निर्माण कर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग उठाई है।लोगों का कहना है कि जलभराव से गंदगी और संक्रमण का खतरा भी बना रहता है। उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष और अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कराकर स्थायी नाला निर्माण एवं जलनिकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है। स्थानीय लोगों को अब उम्मीद है कि पालिका प्रशासन वर्षों पुरानी समस्या का जल्द स्थायी समाधान करेगा।