
पारदर्शी विकास न्यूज़ सुल्तानपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर में वीरगति को प्राप्त हुए शहीद जवान आनंद प्रकाश तिवारी का पार्थिव शरीर मंगलवार को उनके पैतृक गांव नेवरा खादर बसंतपुर पहुंचा। तिरंगे में लिपटे वीर सपूत के अंतिम दर्शन के लिए गांव और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग उमड़ पड़े। भारत माता की जय, वंदे मातरम् और शहीद अमर रहें के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।पार्थिव शरीर घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मां, पिता, पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। ग्रामीणों ने शहीद के अंतिम दर्शन कर पुष्प अर्पित किए और देश की रक्षा के लिए दिए गए उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।शहीद की अंतिम यात्रा गांव से कुड़वार स्थित राजघाट के लिए रवाना हुई तो सड़क के दोनों ओर लोगों की भीड़ जुट गई। युवाओं ने हाथों में तिरंगा लेकर अंतिम यात्रा में हिस्सा लिया और देशभक्ति के नारों के बीच वीर सपूत को अंतिम सलामी दी।राजघाट पर सैन्य एवं प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में शहीद जवान का अंतिम संस्कार राष्ट्रीय सम्मान के साथ किया गया। जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम सलामी दी। इसके बाद तिरंगा सम्मानपूर्वक परिजनों को सौंपा गया। क्षेत्रवासियों ने कहा कि आनंद प्रकाश तिवारी का बलिदान सदैव याद रखा जाएगा और उनके सर्वोच्च बलिदान ने पूरे कुड़वार क्षेत्र का सिर गर्व से ऊंचा किया है।