
पारदर्शी विकास न्यूज़ सुलतानपुर। गोसाईगंज थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब माइलस्टोन 126 के पास एयर स्ट्रिप के समीप खड़े ट्रक की बॉडी पर चालक का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। शव देखते ही आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी।जानकारी के अनुसार ट्रक संख्या NL 01 AK 5252 गाजीपुर की ओर से आ रहा था। एक्सप्रेसवे पर ट्रक खड़ा था और इसी दौरान चालक ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही गोसाईगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ट्रक से मिले दस्तावेजों और अन्य माध्यमों से मृतक की शिनाख्त करने में जुटी है। साथ ही आत्महत्या के पीछे की वजह का भी पता लगाया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।क्षेत्राधिकारी जयसिंहपुर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में गोसाईगंज पुलिस द्वारा विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मृतक की पहचान के प्रयास जारी हैं।