news-details

देश में आर्थिक तूफान, इटली की प्रधानमंत्री को मेलोडी टाफी खिला रहे नरेंद्र मोदी -राहुल गांधी

You can share this post!

 


अमेठी में बोले राहुल -नरेन्द्र मोदी, अमित शाह गद्दार, संविधान पर आक्रमण कर रहे,आर एस एस कान खोल कर सुन ले मैं माफी नहीं मांगूंगा

बीस मिनट के भाषण में राहुल ने आर्थिक संकट और मंहगाई के मुद्दे पर मोदी और शाह पर चलाए वाणी के तीर, अमेठी से परिवार के रिश्ते को दोहराया

कार्यकर्ता सम्मेलन में लगे मोदी हटाओ -देश बचाओ के नारे

 

 

 पारदर्शी विकाश न्यूज़  अमेठी। लोकसभा में प्रति पक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बुधवार को अपराह्न दो बजे चिलचिलाती धूप में अमेठी पहुंचे और गौरीगंज बाईपास पर मिश्रौली में एक बड़े कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। कार्यकर्ता सम्मेलन में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को सीधे निशाने पर लिया और कहा कि प्रधानमंत्री का काम देश  की अर्थव्यवस्था और संविधान की रक्षा करना है। पिछले 12साल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के संविधान पर आक्रमण करने और देश की संवैधानिक संस्थाओं को नष्ट करने और अपने दोस्त अडानी , अम्बानी को फायदा पहुंचाने के अलावा और कोई काम नहीं किया।देश एक बड़े आर्थिक तूफान की तरफ आगे बढ़ रहा है, नरेन्द्र मोदी इटली की प्रधानमंत्री को मेलोडी टाफी खिला रहे हैं। पांच राज्यों में चुनावों के बाद नरेंद्र मोदी ने देश की जनता से कहा -पेट्रोल का उपयोग कम करो,सोना मत खरीदो, विदेश में दौरा मत करो और खुद तीन चार करोड़ रुपए के हवाई जहाज से इटली की यात्रा के लिए चले गए।देश में तेल, पेट्रोल और गैस की कमी हो रही है। मंहगाई बढ़ रही है।पूरा इंड्रस्ट्रियल सिस्टम हिल रहा है। अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध से 20फीसदी तेल मार्केट से हट गया है। देश की जनता मंहगाई और खराब आर्थिक स्थिति से जूझ रही हैं और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इटली के प्रधानमंत्री को मेलोडी टाफी खिलाकर रील बना रहे हैं।नोट बंदी करके नरेंद्र मोदी ने किसानों, मजदूरों और छोटे व्यापारियों पर आक्रमण किया। कोरोना काल में लाकडाउन से मजदूरों को बर्बाद कर दिया।कोविड के समय प्रधानमंत्री ने अंबानी और अडानी के लाखों करोड़ रुपए का फायदा दिया। पब्लिक सेक्टर को खत्म कर दिया। बेरोज़गारी से देश की जनता परेशान हैं,अब ऐसा आर्थिक तूफान आने वाला है जो हिन्दुस्तान में पहले कभी नहीं देखा गया।हमारा तेल हर्मूज से आता है जिसे बंद कर दिया गया है। राहुल गांधी ने कहा कि मीडिया की जिम्मेदारी लोकतंत्र बचाने की है। 12साल में नरेंद्र मोदी ने संविधान पर आक्रमण किया, संवैधानिक संस्थाओं को नष्ट किया,आर एस एस के लोगों को सभी विश्वविद्यालयों में वाइस चांसलर बना दिए, चुनाव आयोग को कंट्रोल किया।वोट चोरी करके संविधान पर आक्रमण किया। नरेंद्र मोदी और अमित शाह संविधान पर आक्रमण पर आक्रमण कर रहे हैं। नरेंद्र मोदी,अमित शाह गद्दार हैं।आर एस एस के लोगों सुन लो,मैं सच बोलता रहूंगा,कभी माफी नहीं मांगूंगा। अपने लगभग बीस मिनट के भाषण में राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को घेरा और कहा कि इन दोनों लोगों ने देश को बर्बाद कर दिया है,देश में एक बड़ा आर्थिक तूफान आने वाला है, मैं यह बात तीन महीने से कह रहा हूं। अडानी और अम्बानी अब देश को नहीं बचा सकते, हिंदुस्तान का किसान, युवा,मजदूर ही देश बचा सकता है। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सीधे संकेत करते हुए कहा कि टाफी बांटना बंद कीजिए, एक्शन लेना शुरू कर दीजिए। बेरोज़गारी से पूरा देश जूझ रहा है। अडानी और अम्बानी देश का तेल बाहर बेच रहे हैं,यह तेल हिन्दुस्तान को चाहिए। अपने भाषण के दौरान राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री और देश की मौजूदा सरकार की गलत नीतियों के विरोध में आमजनता को सचेत किया और संघर्ष में साथ खड़े होने का आह्वान किया। अपने भाषण के अन्त में राहुल गांधी ने अमेठी से गांधी परिवार के भावनात्मक रिश्ते को दोहराया और कहा कि अमेठी मेरी कर्मभूमि है। यहां के लोगों ने मेरे परिवार पिता, माता,बहन को प्यार और इज्जत दी है।हमारा पारिवारिक रिश्ता है, प्यार, मोहब्बत का रिश्ता है,यह कभी टूट नहीं सकता। राजनीति कभी इस रिश्ते पर भारी नहीं हो सकती। अमेठी जैसा चाहेगी ,हम वैसा करेंगे,अगली बार अपने साथ प्रियंका को भी लायेंगे। राहुल गांधी ने जैसे ही भाषण शुरू किया, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इंदिरा गांधी के चित्र के साथ मोदी हटाओ देश बचाओ के नारे लगाए -मंच पर उनके पहुंचने के पहले -,देखो देखो कौन आया -शेर आया ,शेर आया --के नारे देश तक लगे। राहुल गांधी जिंदाबाद, राहुल भैया, संघर्ष करो,हम तुम्हारे साथ हैं --आदि नारे लगाकर कांग्रेस नेताओं ने स्वागत किया। पार्टी नेताओं की ओर से स्वागत के लिए लाई गई बड़ी मालाओं को स्वीकार तो किया परंतु पहनने के बजाय राहुल गांधी ने उन्हें मंच पर अपने सामने रखवा दिया। युवक कांग्रेस के जिला अध्यक्ष शुभम् सिंह ने इंदिरा गांधी का चित्र भेंट करते हुए राहुल गांधी के साथ फोटो खिंचवाए। राहुल गांधी के पहले सांसद किशोरी लाल शर्मा ने सम्मलेन को संबोधित किया और कहा कि मुझ जैसे साधारण कार्यकर्ता को गांधी परिवार ने अपनी सीट देकर सांसद बनाया। मैं चाहता हूं कि मैं पहले की तरह कर्म करता रहूं, अमेठी की सेवा करता रहूं और सांसद गांधी परिवार का हो ,यह मेरी दिली इच्छा है।किशोरी लाल शर्मा ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आशीष शुक्ला को राहुल गांधी के सामने करके पार्टी में सेवाओं की याद दिलाई और कहा कि इनकी दूसरी पीढ़ी भी पार्टी में काम कर रही है।कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना उर्फ मोना मिश्र ने कहा कि राहुल गांधी देश के नेता हैं, परंतु अमेठी और रायबरेली के बेटे हैं।देश के लिए सबसे अधिक कुर्बानी गांधी परिवार ने दी है। संविधान बचाने के लिए राहुल गांधी ने कश्मीर से कन्याकुमारी और मणिपुर से मुम्बई तक पैदल यात्रा की है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश को बर्बाद कर दिया है। आर्थिक गुलाम बना दिया है। राहुल गांधी  लोकतंत्र और संविधान बचाने की लड़ाई लड रहे हैं। मंच पर प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय, पूर्व विधायक हरिचरण यादव, पूर्व विधायक राधेश्याम धोबी, विजय पासी, अर्जुन पासी, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रदीप सिंघल,अनुपम पांडेय, ब्लाक प्रमुख आकर्ष शुक्ल, सदाशिव यादव,नगर पालिका जायस की चेयरमैन मनीषा चौहान, वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजीव सिंह -कसारा, पूर्व जिला अध्यक्ष प्रेम नारायण तिवारी एडवोकेट,फतेह बहादुर आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन पूर्व एम एल सी दीपक सिंह ने किया।सभा लगभग 11बजे शुरू हुई और 2.40बजे तक चलती रही। राहुल गांधी निर्धारित समय से लगभग साढ़े तीन घंटे देर से कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे।सभा स्थल पर भीड़ से अधिक चार पहिया वाहनों की संख्या अधिक नजर आई। भीषण गर्मी से बचाव के लिए कांग्रेस पार्टी ने कार्यक्रम स्थल पर छाया,कूलर और पेय जल व्यवस्था का बेहतर इंतजाम किया था। सभा स्थल पर पहुंचने के पहले राहुल गांधी दिवंगत कांग्रेस नेता और पूर्व जिला अध्यक्ष योगेंद्र मिश्र के जामों रोड स्थित आवास पर गए और परिवार से मुलाकात की।शोक संवेदना जताई और सुख दुःख में हमेशा साथ खड़े रहने का भरोसा दिया।