news-details

विनोद साहनी हत्याकांड में कैलाश नाथ निषाद ने उठाई कड़ी कार्रवाई की मांग

You can share this post!


पारदर्शी विकास न्यूज़ गोंडा। रेक्सडिया मल्हनपुरवा निवासी बर्तन व्यापारी विनोद साहनी की हत्या के मामले में राष्ट्रीय निषाद संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश अध्यक्ष कैलाश नाथ निषाद ने जिला प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। विनोद साहनी बुधवार रात शाहपुर बाजार स्थित अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। दुकान से कुछ दूरी पर बाइक सवार सात-आठ लोगों ने उन्हें घेर लिया और लाठी-कांटा व बलम से हमला करने के बाद गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल विनोद को परिजन अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बताया गया कि इलाज के दौरान विनोद ने तीन हमलावरों की पहचान भी बताई थी।मौत के बाद मामले को हत्या में दर्ज कराने और तत्काल कार्रवाई की मांग को लेकर कैलाश नाथ निषाद एवं प्रदीप निषाद पोस्टमार्टम हाउस लखनऊ पहुंचे। सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता और नेता भी वहां पहुंचे तथा धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। कैलाश नाथ निषाद का आरोप है कि पुलिस की लापरवाही के कारण घटना गंभीर रूप ले गई। दबाव बढ़ने के बाद शाहपुर चौकी प्रभारी को निलंबित किए जाने और आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिए जाने की बात कही गई।कैलाश नाथ निषाद ने मांग की कि हत्या में शामिल सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी हो, दोषियों को कड़ी सजा मिले और आरोपियों को राजनीतिक संरक्षण देने वालों की भी जांच कराई जाए। उन्होंने संबंधित थाना-चौकी के जिम्मेदार पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच और दोषी पाए जाने पर निलंबन की मांग की है। साथ ही पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, मृतक की पत्नी को दो करोड़ रुपये मुआवजा और परिवार को सुरक्षा देने की मांग रखी।कैलाश नाथ निषाद ने आरोपियों की अवैध संपत्तियों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की मांग भी की। उन्होंने कहा कि यदि जांच में अवैध संपत्तियां सामने आती हैं तो प्रशासन को उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई करनी चाहिए। राष्ट्रीय निषाद संघ ने 11 सितंबर को प्रदेशभर में जिलाधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर विनोद साहनी के परिवार को न्याय दिलाने की मांग करने का आह्वान किया है। संगठन ने कहा कि न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा।

 

विनोद साहनी हत्याकांड पर सपा का प्रदर्शन
 गोंडा में विनोद साहनी की हत्या के विरोध में शुक्रवार को सपा कार्यकर्ताओं ने हजरतगंज चौराहे पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की व नोकझोंक हुई। प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर और फैंटा की बोतल लेकर पहुंचे थे। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विनोद साहनी की हत्या की गई और निषाद समाज के युवक को न्याय नहीं मिल रहा है। सपा नेता राज साहनी ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त है और पीडीए समाज को निशाना बनाया जा रहा है। प्रदर्शनकारी विधानसभा की ओर बढ़ने का प्रयास कर रहे थे, जिन्हें पुलिस ने रोक दिया। करीब 40 मिनट तक पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच खींचतान चली। पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर इको गार्डन भेज दिया। प्रदर्शन के कारण हजरतगंज चौराहे पर कुछ देर यातायात प्रभावित रहा।