
PARDARSHI VIKASH NEWS वाराणसी में जम्मू-तवी एक्सप्रेस ट्रेन में रविवार देर रात एक यात्री की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई। घटना उस समय हुई जब मृतक दिनेश साहू (42), जो बिहार के गया जिले के रहने वाले थे, बाथरूम से बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने उनके सिर में गोली मार दी और ट्रेन की धीमी गति का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।घटना मुगलसराय रेलवे स्टेशन से करीब तीन किलोमीटर पहले ब्लॉक हट-बी के पास हुई। गोली चलने की आवाज सुनकर कोच में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों ने तुरंत रेलवे पुलिस को सूचना दी। रात करीब 2:42 बजे ट्रेन वाराणसी जंक्शन पहुंची, जहां पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।जानकारी के अनुसार, दिनेश साहू अपनी पत्नी के साथ कोच S-2 में यात्रा कर रहे थे, जबकि उनके अन्य परिजन जनरल बोगी में थे। पुलिस को उनके पास से लगभग 15 हजार रुपये नकद मिले हैं और पत्नी के जेवर सुरक्षित पाए गए हैं, जिससे लूट की संभावना पर भी जांच की जा रही है।रेलवे पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान के लिए यात्रियों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही एक टीम को मृतक के गांव भेजा गया है ताकि परिजनों से भी जानकारी जुटाई जा सके।गौरतलब है कि यह दो दिनों के भीतर ट्रेन में दूसरी हत्या की घटना है, जिससे रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं और यात्रियों में डर का माहौल बना हुआ है।