
PARDARSHI VIKASH NEWS वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर के पास मंगलवार शाम गली नंबर-5 में एक मकान का जर्जर छज्जा अचानक गिर गया। हादसे के समय गली में श्रद्धालुओं की भीड़ मौजूद थी। मलबे की चपेट में आने से 9 लोग घायल हो गए, जिनमें 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।हादसा सुधीर गोस्वामी के मकान में हुआ। स्थानीय लोगों के अनुसार छज्जे में पहले से दरारें थीं और तेज आंधी के दौरान वह गिर गया। कुछ लोगों का यह भी कहना है कि बंदरों के कूदने से छज्जा कमजोर होकर गिरा।घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग तुरंत पहुंचे और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने में मदद की। पुलिस और प्रशासन की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।घायलों में अलीगढ़, आगरा, राजस्थान, दिल्ली और इटावा के श्रद्धालु शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है।डीएम ने बताया कि हादसा मंदिर से करीब 300 मीटर दूर हुआ है और मंदिर परिसर में कोई घटना नहीं हुई। प्रशासन ने क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी है और आसपास के पुराने व जर्जर भवनों की जांच शुरू कर दी गई है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय अचानक जोर की आवाज आई और छज्जा गिरते ही लोग भागने लगे। मलबे में दबे लोगों को स्थानीय लोगों ने मिलकर बाहर निकाला।