
PARDARSHI VIKASH NEWS फर्रुखाबाद। अमृतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लीलापुर उधरनपुर में बुधवार देर शाम एक दर्दनाक हादसे में सात वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। घर के बाहर खेल रही बच्ची के ऊपर सीमेंटेड विद्युत पोल गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।मृतक बच्ची की पहचान शिवांगी कुशवाहा (7) पुत्री सुबोध कुशवाहा के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, बुधवार शाम शिवांगी अपने घर के बाहर पड़ोस में अमित के घर के सामने खेल रही थी। इसी दौरान वहां रखे विद्युत पोल अचानक लुढ़क गए। बताया गया कि ये पोल करीब तीन वर्षों से लकड़ी के सहारे रखे हुए थे।खेलते समय एक पोल अचानक गिरकर शिवांगी के पेट पर जा गिरा। बच्ची की चीख सुनकर पास मौजूद उसकी दादी उमा देवी, बाबा और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से किसी तरह पोल हटाया गया और घायल बच्ची को तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया।काफी प्रयास के बाद भी डॉक्टर बच्ची को बचा नहीं सके। देर रात उपचार के दौरान शिवांगी ने दम तोड़ दिया।गुरुवार को जब बच्ची का शव घर पहुंचा तो परिवार में मातम छा गया। मां नेहा देवी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। शिवांगी की छोटी बहन आराधना और भाई शिव ओम भी गम में डूबे रहे।बच्ची के पिता सुबोध कुशवाहा दिल्ली की एक निजी कंपनी में काम करते हैं। बेटी की मौत की सूचना मिलने के बाद वह घर के लिए रवाना हो गए।थाना अध्यक्ष अमृतपुर दर्शन सिंह सोलंकी ने बताया कि घटना के संबंध में थाने पर कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है। जानकारी के अनुसार परिजनों ने बिना कानूनी कार्रवाई और पोस्टमार्टम के बच्ची का अंतिम संस्कार कर दिया है।