
PARDARSHI VIKASH NEWS उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (यूपीईएसएससी) ने अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती के लिए आयोजित पुनर्परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। विज्ञापन संख्या-51 के तहत 33 विषयों के कुल 910 पदों के लिए यह परीक्षा आयोजित की गई थी, जिसमें लिखित परीक्षा के आधार पर 3,155 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए औपबंधिक रूप से सफल घोषित किया गया है।आयोग ने यह परिणाम अपनी आधिकारिक वेबसाइट www.upessc.up.gov.in पर अपलोड कर दिया है। आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों के साक्षात्कार का विस्तृत कार्यक्रम जुलाई के मध्य में जारी किया जाएगा। इसकी सूचना अभ्यर्थियों को वेबसाइट के साथ-साथ उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर और ई-मेल पर भी भेजी जाएगी।फिलहाल प्रवक्ता संवर्ग (PGT)-2022 के साक्षात्कार, टीजीटी-2022 के परिणाम और यूपीटीईटी जैसी अन्य परीक्षाओं की तैयारियों के कारण इंटरव्यू शेड्यूल में थोड़ी देरी हो रही है। इसके चलते साक्षात्कार की तिथियां जुलाई मध्य तक जारी होने की संभावना है।यह भर्ती परीक्षा पहले 16 और 17 अप्रैल 2025 को आयोजित की गई थी, जिसका परिणाम 4 सितंबर 2025 को जारी हुआ था, लेकिन पेपर लीक और धांधली की पुष्टि के बाद चयन प्रक्रिया रोक दी गई थी और बाद में परीक्षा रद्द कर दी गई थी। इसके बाद 18 और 19 अप्रैल 2026 को पुनर्परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें 39,192 अभ्यर्थी शामिल हुए थे।आयोग ने निर्देश दिया है कि सफल अभ्यर्थी समय-समय पर वेबसाइट देखते रहें और साक्षात्कार से 21 दिन पहले अपने सभी आवश्यक दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड करें। दस्तावेज सत्यापन के बाद ही साक्षात्कार पत्र डाउनलोड किया जा सकेगा। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि पूरा परिणाम न्यायालय में लंबित मामलों के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगा।