
PARDARSHI VIKASH NEWS उत्तर प्रदेश में 7,994 पदों पर लेखपाल भर्ती की मुख्य परीक्षा गुरुवार से शुरू हो गई। पहले दिन पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की गई। परीक्षा से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच के बाद ही उन्हें केंद्रों में प्रवेश दिया गया।उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की ओर से 44 जिलों के 861 केंद्रों पर परीक्षा कराई जा रही है। दो दिनों में 3.66 लाख से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। सभी केंद्रों पर CCTV कैमरों से निगरानी की जा रही है।गोरखपुर में महिला अभ्यर्थियों के जूड़े खुलवाए गए और चूड़ी, मंगलसूत्र समेत अन्य आभूषण उतरवाए गए। अभ्यर्थी विजयलक्ष्मी तिवारी ने बताया कि बिछिया छोड़कर बाकी सभी जेवर उतरवा लिए गए।गोंडा में पानी की बोतलों के रैपर हटवाने के बाद ही उन्हें अंदर ले जाने की अनुमति दी गई। उन्नाव और सीतापुर में महिला अभ्यर्थियों से क्लेचर और कड़े उतरवाए गए, जबकि हाथरस में कुंडल और कंगन उतरवाए गए। मेरठ में अभ्यर्थियों के जूते उतरवाकर और रुमाल खुलवाकर जांच की गई। देवरिया में अभ्यर्थियों की बेल्ट तक उतरवाई गई।परीक्षा को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए PAC, STF, SOG और स्थानीय पुलिस की टीमें तैनात की गई हैं। कई जिलों में सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और भारी पुलिस बल केंद्रों पर निगरानी कर रहे हैं।लेखपाल भर्ती के लिए 8 लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। आयोग ने PET परीक्षा के आधार पर 3,66,712 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए चयनित किया है। परीक्षा OMR शीट आधारित है, जिसमें 120 मिनट में 100 प्रश्न हल करने हैं।आयोग ने मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्रों में पूरी तरह प्रतिबंधित किए हैं।