
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) वैभव मिश्रा की अध्यक्षता में जिला उद्योग बन्धु, व्यापार बन्धु एवं श्रम बन्धु समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में उद्यमियों, व्यापारियों और श्रमिकों से जुड़ी समस्याओं की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए।बैठक में फाजिलनगर स्थित यूपी फार्मर प्रोड्यूसर कम्पनी लिमिटेड के संपर्क मार्ग निर्माण का कार्यादेश जारी होने तथा अगले 10 दिनों में कार्य पूरा कराने की जानकारी दी गई। वहीं नौरंगिया क्षेत्र में गुड़ उद्योग इकाई के संपर्क मार्ग पर अतिक्रमण संबंधी मामले में उद्यमी को भूखंड की पैमाइश कराने का निर्देश दिया गया।पड़रौना के एक विद्यालय परिसर से सटे विद्युत तार हटाने के मामले में बिजली विभाग ने दो दिन के भीतर लाइन शिफ्ट करने का आश्वासन दिया। इसके अलावा मिनी औद्योगिक आस्थान दुदही में विद्युत व्यवस्था सुधार के लिए तैयार इस्टीमेट की पुनः जांच कर शीघ्र कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।बैठक में मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, ओडीओपी तथा एमवाईएसवाई योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए बैंकों में लंबित मामलों के निस्तारण हेतु अलग बैठक बुलाने का निर्णय लिया गया। निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित प्रकरणों को शीघ्र निपटाने और जीबीसी-5 के लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।श्रम बन्धु समिति की बैठक में श्रमिकों को विभागीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन करने की जानकारी दी गई, जबकि व्यापार बन्धु बैठक में व्यापारियों की कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। इस दौरान भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) के अधिकारियों ने उद्यमियों को गुणवत्ता मानकों और बीआईएस लाइसेंस प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देकर गुणवत्ता आधारित उत्पादन को बढ़ावा देने का आह्वान किया।